सैनी कोतवाली के ख्वचकीमई गांव निवासी एक युवक ने जमीन की रजिस्ट्री करने के बाद आपत्ति लगाते हुए बेची गई भूमि अपने बेटे को दान में दे दी। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र व दो गवाहों समेत चार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
सैनी गांव की उमा कुशवाहा पत्नी संदीप कुमार ने बताया कि उसके पति ने अपने जीवित रहते ख्वचकीमई निवासी अमरनाथ से एक भूमि का एक अक्तूबर 2021 को बैनामा कराया था। आरोप है कि बैनामे के बाद विक्रेता ने आपत्ति लगा दी। इससे भूमि की दाखिल खारिज नहीं हो सकी। बाद में विक्रेता ने 23 जनवरी 2024 को उसी भूमि को अपने बेटे रामबाबू को दान में दे दी।
दानपत्र में केसारी गांव के श्यामबाबू व अचल कुमार गवाह हैं। जबकि गवाहों को पता था कि भूमि का बैनामा पहले ही किया जा चुका है। पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत एसपी बृजेश श्रीवास्तव से की थी। एसपी के निर्देश पर बृहस्पतिवार शाम सैनी कोतवाली पुलिस ने सभी चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।