Oath administered to 60 pradhans and 737 gram panchayat members
- फोटो : KAUSHAMBI
जिले के आठों विकास खंडों में शुक्रवार को 60 प्रधानों एवं 737 ग्राम पंचायत सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। अलग-अलग ग्राम पंचायतों में अफसरों ने वर्चुअल शपथ दिलाई। शेष ग्राम पंचायतों में शनिवार को शपथ दिलाई जाएगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान 1381 सदस्यों के पद रिक्त रह गए थे। इससे 115 ग्राम पंचायतों में कोरम नहीं पूरा हो सका था। इसके अलावा कौशाम्बी ब्लॉक के गोपसहसा गांव के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान चेतराम की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इस वजह से यह पद भी रिक्त हो गया था। कोरम के अभाव में इन ग्राम पंचायतों के नव निर्वाचित सदस्य शपथ से वंचित रह गए थे।
इससे ग्राम पंचायतें असंगठित रह गई थी। 12 जून को रिक्त पदों पर उपचुनाव कराया गया। जिसमें निर्वाचित और कोरम के अभाव में छूटे प्रधान एवं सदस्यों को शपथ दिलाने के लिए शुक्रवार एवं शनिवार का दिन निर्धारित किया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को पहले दिन जिले के 60 ग्राम प्रधानों एवं 737 ग्राम पंचायत सदस्यों को ऑनलाइन शपथ दिलाई गई। शेष ग्राम प्रधान एवं पंचायत सदस्यों को शनिवार को शपथ दिलाई जाएगी।
अंदावा प्रधान और सदस्यों ने ली शपथ
कड़ा ब्लॉक के अंदावा गांव में शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय परिसर में शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ। ग्राम प्रधान एकता राज को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शपथ दिलाई गई। जबकि सदस्यों को ग्राम प्रधान व बीडीसी रोहित श्रीवास्तव की उपस्थिति में ग्राम विकास अधिकारी राहुल चौरसिया ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले ग्राम पंचायत सदस्यों में नमो नारायण एडवोकेट, अतर सिंह, फूल लाल, लक्ष्मी देवी, जय भारती, गीता देवी आदि शामिल रहे।
Oath administered to 60 pradhans and 737 gram panchayat members- फोटो : KAUSHAMBI
Oath administered to 60 pradhans and 737 gram panchayat members- फोटो : KAUSHAMBI