आपत्तिजनक सूचना पोस्ट करने वालों पर लगेगा एनएसए
सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए कलक्ट्रेट में बना कंट्रोल रूम
फोन नंबर 05331-232796 पर दर्ज करा सकते हैं सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर कलक्ट्रेट स्थित ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय में सूचनाओं के आदान-प्रदान हेतु कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम का नंबर 05331-232796 है। कंट्रोल रूम का प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी को बनाया गया है। कंट्रोल रूम पर अधिकारियों-कर्मचारियों की रोटेशन के आधार पर ड्यूटी लगाई जाएगी। जो लगातार कंट्रोल रूम पर सूचनाओं की मॉनीटरिंग करेंगे। कंट्रोल रूम को कानून-व्यवस्था के उल्लंघन से संबंधित गतिविधियों बारे में सूचना दी जा सकती है। जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। फेसबुक, ट्विटर, ह्वाट्सएप अथवा सूचनाओं के आदान-प्रदान के दूसरे अन्य माध्यमों पर निगाह रखी जा रही है। किसी भी प्रकार से आपसी सौहार्द एवं भाईचारें को बिगाड़ने वाली आपत्तिजनक सूचना पोस्ट करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही एनएसए तथा अन्य सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।