ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री जनता बस सेवा योजना के तहत अब गांवों से शहर तक आवागमन आसान हो गया है। योजना के अंतर्गत यात्रियों को सामान्य किराए की तुलना में 20 फीसदी तक की छूट मिलेगी। जिले के आठ क्षेत्रों में रोडवेज बसों का संचालन होगा, जिससे दर्जनों गांवों के लोगों को सीधी परिवहन सुविधा मिलेगी।
विभागीय जानकारी के अनुसार खखरेरू से प्रयागराज मार्ग पर बस सेवा शुरू कर दी गई है। अन्य चयनित मार्गों पर बसों का संचालन एक सप्ताह के भीतर शुरू होने की संभावना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को निजी और डग्गामार वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
अब तक शहर जाने के लिए महंगे साधनों का सहारा लेना पड़ता था। बस सेवा शुरू होने से समय और पैसा दोनों की बचत होगी। - प्रशांत द्विवेदी, धाता
पढ़ाई के लिए रोजाना सफर करना पड़ता है। ऐसे में किराए में छूट मिलना बड़ी राहत है। -मुस्तकीम, डेढ़ा सही
जनता बस सेवा में 1.04 रुपये प्रति किमी में होगा सफर
- सामान्य बसों में यात्रियों को प्रति किलोमीटर 1.30 रुपये किराया देना पड़ता है, जबकि मुख्यमंत्री जनता बस सेवा योजना के तहत इसमें 20 प्रतिशत की छूट दी गई है। अब यात्रियों से केवल 1.04 रुपये प्रति किलोमीटर किराया लिया जाएगा। इससे ग्रामीण और शहरी यात्रियों को सीधी राहत मिलेगी और खर्च भी कम होगा।
मुख्यमंत्री जनता बस सेवा योजना के लिए निर्धारित रूट
कहां से कहां तक दूरी
मंझनपुर शहजादपुर-सैनी-कड़ा 32
मंझनपुर उदहिन-अफजलपुरवारी 22
मंझनपुर मडूकी-देवरा-धाता 22
मंझनपुर सरायअकिल 30
मंझनपुर कड़ाधाम-सिराथू 25
मंझनपुर खखरेरू-प्रयागराज 97
मंझनपुर खखरेरू 47
मंझनपुर राजापुर-बैरमपुर-प.शरीरा-प्रयागराज 90
- सामान्य बसों के मुकाबले किराए में 20 प्रतिशत की छूट दी गई है। इससे आमजन को सीधा लाभ मिलेगा। बसों के चालक और परिचालक अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों से होंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। - गंगा शंकर शर्मा, डिपो इंचार्ज