मंझनपुर। बड़े शहरों की तरह अब कौशाम्बी की जिला अदालत के फैसले भी ऑनलाइन देखे जा सकेंगे। इसके लिए वेबसाइड बना ली गई है। इसमें दोआबा के ऐतिहासिक महत्व और सुविधाओं का भी उल्लेख किया गया है। बृहस्पतिवार को डीजे उमेश कुमार ने वेबसाइड का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कहाकि अधिवक्ताओं और वादकारियों को सहूलियत देने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।
बता दें कि जनपद एवं सत्र न्यायालय कौशाम्बी के फैसलों को जानने के लिए अभी तक ऑनलाइन व्यवस्था नहीं थी। इससे वकीलों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। वादकारियों को भी कचहरी का चक्कर काटना पड़ता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला जज उमेश कुमार ने न्यायालय की वेबसाइट बनवाई है। बृहस्पतिवार को इसे लांच करते हुए उन्होंने कहाकि वेबसाइट का मुख्य उद्देश्य न्यायालय के कार्य में पारदर्शिता लाना है। कोर्ट द्वारा दिए जाने वाले फैसले अब वादकारी और वकील इस साइट पर देख सकते हैं। साइट पर अदालत के दैनिक कार्यों के विवरण के साथ ही कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं की भी जानकारी की जा सकती है। डीजे ने कहाकि कोर्ट में जल्द ही वीडियो कांफ्रेंसिंग की सुविधा भी उपलब्ध हो जाएगी।
इसकी तैयारी युद्धस्तर पर चल रही है। इसके बाद जेल के कैदियों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेशी हो सकेगी। वेबसाइट को दिलचस्प बनाने के लिए इसमें कौशाम्बी के अतीत, पर्यटन स्थलों और सुविधाओं का भी उल्लेख किया गया है। अनावरण के मौके पर आरएन पांडेय, संजय मलिक, मोहनलाल, विवेक कुमार सिंह आदि न्यायाधीश, कर्मचारी और अधिवक्ता मौजूद रहे।