जिले के नोडल अधिकारी आयुक्त एवं निदेशक हथकरघा, वस्त्रोद्योग रमारमण ने पहले दिन तहसील, सीएचसी, बीएसए व नवनिर्मित सीएमओ कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तहसील में लंबित वादों के निस्तारण, सफाई व्यवस्था व योजनाओं के क्रियांवयन पर विशेष जोर दिया। हिदायत दी कि शासन की प्राथमिकता वाले बिन्दुओं में हीलाहवाली क्षम्य नहीं होगी। इस दौरान जिले के विभागाध्यक्ष नोडल अधिकारी के पीछे हांफते नजर आए।
तहसील सिराथू का निरीक्षण करते समय नोडल ने एसडीएम व तहसीलदार सिराथू को निर्देशित किया कि पुराने मुकदमों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें। कोशिश करें कि पीड़ितों को जल्द से जल्द न्याय मिल सके। तहसील परिसर में गंदगी देख उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सप्ताह में कम से कम एक घंटा परिसर में सफाई अभियान चलाएं। स्वच्छता कार्यक्रम शासन की प्राथमिकता में शामिल है। इस दौरान उन्होंने तहसील की समस्याओं के बारे में भी पूछताछ की। एसडीएम शिव नारायण सिंह ने नेट कनेक्टिविटी व स्टॉफ की कमी होने की जानकारी दी। खतौनी काउंटर पर लोगों के बैठने की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश एसडीएम को दिया। इसके अलावा तहसील के दस बड़े बकाएदारों पर शिकंजा कसते हुए वसूली का फरमान तहसील प्रशासन के लिए जारी किया। तहसील में उन्होंने निर्वाचन कार्यालय कक्ष, तहसीलदार कोर्ट, रिकर्ड रूम, संग्रह अनुभाग, नजारत कक्ष सहित सभी कक्षों का निरीक्षण किया। यहां के बाद वह सीएचसी सिराथू पहुंचे। प्रभारी चिकित्साधिकारी से मरीजों तथा दवाओं के बारे में जानकारी की।
निर्देशित किया कि मरीजों की जरूरत से जुड़ी दवाओं की उपलब्धता शतप्रतिशत सुनिश्चित कराएं। किसी भी कीमत पर मरीजों को बाहर से दवा न लेनी पड़े। यहां पर नोडल ने ओपीडी कक्ष, मरहम पट्टी कक्ष, इमरजेंसी कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया। इस मौके पर सीएमओ डॉ. दीपेंद्र मालवीय को निर्देशित किया कि अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। लगभग तीन बजे वह मंझनपुर स्थित बीएसए कार्यालय पहुंचे। यहां पर बीएसए से जिले के स्कूलों की संख्या, अध्यापकों की उपस्थिति व शिक्षण व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी की। बीएसए ने बताया कि जिले में 1410 विद्यालय हैं। सभी स्कूलों में ड्रेस, किताबें व बैग का वितरण करा दिया गया है। नोडल ने बीएसए को निर्देशित किया कि वह दिव्यांग बच्चों की सूची उपलब्ध कराएं। अन्त में उन्होंने नवनिर्मित सीएमओ कार्यालय भवन, ड्रग वेयर हाउस एवं टीबी क्लीनिक भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमओ कार्यालय में फिनिसिंग कार्य ठीक से कराने का निर्देश कार्यदाई संस्था पैकफेड को दिया। निरीक्षण के समय डीएम मनीष कुमार वर्मा, सीडीओ हीरा लाल, एडीएम राकेश कुमार श्रीवास्तव, डीडीओ डीके दोहरे, एसडीएम सिराथू शिवनारायण सिंह, सीएमओ डॉ. दीपेंद्र मालवीय, बीएसए एमआर स्वामी सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।