No place for racists and traitors in BJP
- फोटो : KAUSHAMBI
भाजपा में जातिवादियों व गद्दारों का नहीं कोई स्थान
चायल विधायक ने फेसबुक पर लिखा, चुनाव स्थगित होने के कुछ देर बाद की गई पोस्ट से गरमाई सियासत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद का उपचुनाव स्थगित होने के साथ दोआबा में भाजपाइयों के बीच तल्खी एक बार फिर बढ़ गई है। चायल विधायक ने चुनाव स्थगित होने के कुछ देर बाद फेसबुक पर गद्दारों को पार्टी से बाहर करने की पोस्ट करके सियासी माहौल गरमा दिया। इससे साफ है कि पर्दे के पीछे से भाजपा का एक खेमा विरोधी उम्मीदवार के समर्थन में था।
उपचुनाव स्थगित होने के बाद निर्दल उम्मीदवार मधुपति के साथ 18 जिला पंचायत सदस्य कलक्ट्रेट पहुंचे। इन सभी ने मधुपति के पक्ष में डीएम मनीष कुमार वर्मा को हलफनामा दिया। उपचुनाव में अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ 14 सदस्यों की ही जरूरत थी। 18 का मधुपति के साथ होना कहीं न कहीं इस बात को साफ करता है कि भाजपा को यहां मुंह की खानी पड़ सकती थी। चुनाव स्थगित होने को लेकर सदस्यों में नाराजगी देखी गई। सदस्यों के साथ उम्मीदवार मधुपति ने भी साफ तौर पर कहा कि भाजपा के विधायकों ने सत्ता का दुरुपयोग करके लोकतंत्र की हत्या करने का काम किया है। इसी बीच चुनाव स्थगित होने के कुछ देर बाद भाजपा के चायल विधायक संजय गुप्ता ने फेसबुक पर एक पोस्ट की। जिसमें उन्होंने लिखा कि ‘भाजपा में जातिवादियों व गद्दारों का नहीं कोई स्थान... जल्द होगा ऐसे चेहरों का पदों से प्रस्थान’। इस पोस्ट के बाद भाजपा की अंतर्कलह भी सामने आ गई। राजनीति के जानकारों का कहना है कि भाजपाइयों का एक गुट अंतिम समय तक मधुपति के साथ था। गुटबाजी नहीं है तो फिर विधायक ने चुनाव स्थगित होने के तुरंत बाद ही इस तरह की पोस्ट क्यों की ? अब विधायक ही बताएं कि गद्दार कौन है और किन चेहरों का पदों से प्रस्थान होगा ? हालांकि पार्टी के जिम्मेदार विधायक की पोस्ट पर पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए हैं।