मंझनपुर। बृहस्पतिवार का दिन दोआबा के बासिंदों के लिए राहत भरा रहा। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। दूसरी लहर में 50 दिन बाद पहली बार जिले भर में कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला। इसके विपरीत संक्रमण की जद में रहे आठ मरीज स्वस्थ हो गए हैं।
जिले में कोरोना वायरस की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। यहां पिछले एक हफ्ते से रोजाना दहाई के नीचे ही संक्रमित मिल रहे थे। लेकिन बृहस्पतिवार का दिन काफी सुखद रहा। सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि रोजाना की तरह बृहस्पतिवार को भी जिले भर में शिविर लगाकर 1973 संदिग्धों की कोविड जांच कराई गई, जिसमें कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला। एक अप्रैल से चल रही दूसरी लहर के 50वें दिन ऐसा पहली बार हुआ जब एक भी संक्रमित नहीं निकला। इतना ही नहीं संक्रमण की जद में रहे किसी मरीज की मौत भी नहीं हुई। अच्छी बात ये रही कि बीते 24 घंटे के दौरान आठ मरीज स्वस्थ्य हो गए। इसी वजह से जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 108 रह गई है। इनमें से 91 मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं। जबकि गंभीर रूप से पीड़ित 17 मरीजों का विभिन्न कोविड अस्पतालों में इलाज चल रहा है।