अगवा बालक का तीसरे दिन भी सुराग नहीं
चरवा के समसपुर गांव का मामला, तलाश में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। चरवा कोतवाली क्षेत्र के समसपुर गांव से शुक्रवार शाम अगवा किए गए एक बालक का रविवार को तीसरे दिन भी सुराग नहीं लग सका। इसे लेकर उसके परिजन परेशान हैं। वे अनहोनी की आशंका जाहिर कर रहे हैं। अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट लिखकर पुलिस अपहर्ता की तलाश कर रही है।
समसपुर निवासी अनिल कुमार गुप्ता किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। उसका बेटा शुभम स्थानीय प्राइमरी स्कूल में कक्षा चार का छात्र है। शुक्रवार शाम शुभम घर के समीप ही एक दुकान पर खड़ा था। तभी बाइक से आया अंजान युवक शुभम को जबर्दस्ती बैठाकर फरार हो गया। मामले में पीड़ित पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस बच्चे की तलाश में परिवार वालों के साथ ही रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है। उन लोगों को भी रडार पर रखा गया है, जिनसे पीड़ित परिवार की रंजिश है। हालांकि अभी ऐसे किसी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया गया है। करीब छह संदिग्धों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं। इनकी गतिविधियां भी खंगाली जा रही है। बच्चा गायब होने के पोस्टर उसकी फोटो के साथ आसपास के गांवों व जिले के प्रमुख बाजारों में चस्पा करा दिए गए हैं। पड़ोसी जनपदों की पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। मामले में चरवा कोतवाल संत शरण का कहना है कि तलाश जारी है। जल्द ही बच्चे को बरामद करके अपहर्ता को जेल भेजा जाएगा।