शहजादपुर की निशा ने फांसी लगाकर दी थी जान
पीएम रिपोर्ट में हुई पुष्टि, पुलिस को परिजनों पर लाश खेत में फेंकने का शक
कल्यानपुर। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के शहजादपुर गांव की निशा की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगाकर जान देने (हैंगिंग) की बात सामने आई है। पुलिस को शक है कि मौत के बाद परिजनों ने ही फंसने के डर से शव को खेत में फेंका होगा। मृतका के भाई व भाभी से गुरुवार को पूछताछ की जा सकती है।
शहजादपुर निवासी धर्मपाल मौर्या कानपुर में रहकर सब्जी का रोजगार करता है। धर्मपाल की पत्नी की मौत हो चुकी है। गांव में उसकी बेटी निशा, बेटा गोविंद व बहू रहती है। मंगलवार शाम चार बजे के करीब गांव के बाहर खेत में निशा की अर्धनग्न लाश मिली थी। इसे लेकर गैंगरेप के बाद हत्या की आशंका जाहिर की गई। एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की बात सामने आई है। एसपी के मुताबिक सुसाइड नोट में निशा ने जिस युवक का नाम लिखा था और जिससे फोन पर एक ही दिन में 65 बार बात की थी। संभवत: उसी के चक्कर में उसने फांसी लगाकर जान दे दिया। निशा भाई-भाभी से अलग रहती थी। ये बात पूरे गांव को पता थी। ऐसे में फंसने के डर से भाई-भाभी ने शव को गांव के बाहर फेंक दिया। कपड़े उतारने के साथ पास में लोटा भी रख दिया, ताकि घटना को दूसरा रूप दिया जा सके। कोखराज इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि निशा के भाई-भाभी तथा कथित प्रेमी से गुरुवार को पूछताछ की जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। बुधवार को अंतिम संस्कार होना था। इसलिए धरपकड़ नहीं की गई।