सैनी कोतवाली के सिराथू कस्बे के एक बैंक के कर्मचारियों ने धोखाधड़ी कर महिला का पैसा हड़प लिया। बुधवार को कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने बैंक कर्मचारी सहित नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गुलामीपुर गांव की शमीमा बेगम पत्नी स्व. नसीम अहमद ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में वाद दाखिल कर बताया था कि चार साल पहले उसने एचडीएफसी बैंक शाखा सिराथू में आठ लाख रुपये की एफडी कराई थी। कुछ माह बाद बैंक कर्मियों से तीन लाख की मांग की तो पता चला कि शमीमा बेगम के नाम पर कोई एफडी नहीं है।
स्टेटमेंट निकालने पर जानकारी हुई कि अजुहा की एक महिला के खाते में पूरा पैसा ट्रांसफर कर दिया गया है। आरोप है कि बैंक अधिकारी और कर्मचारी की मिलीभगत से उसके साथ धोखाधड़ी की गई। बाद में उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने व जान से मारने की धमकी मिलने लगी। इसके बाद वह पुलिस के पास गई लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने शाखा प्रबंधक वरुण सिंह, क्लस्टर हेड जहीर अब्बास, तत्कालीन शाखा प्रबंधक फैसल खान, अभिषेक सिंह, मंझनपुर कोतवाली के नारा निवासी जैस्मीन फिरदौस, शकील सिद्दकी, अजुहा कस्बे की शाहीन बानो पत्नी मकसूद व बैंक कर्मी लोहदा निवासी खुशनूर सिद्दकी, सुविधा डिजिटल सेवा केंद्र सौरई खुर्द के संचालक शकील सिद्दकी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।