संदीपनघाट थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह ढाई घंटे कानपुर प्रयागराज नेशनल हाईवे जाम करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने मामले में नौ लोगों को नामजद कर 50 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मंगलवार तड़के टूरिस्ट बस से धन्नी गांव निवासी किसान शारदा प्रसाद की मौत हो गई थी। घटना के बाद गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने पीएनसी कंपनी के लोगों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नेशनल हाईवे को जाम कर दिया था।
करीब ढाई घंटे के बाद दो थाना प्रभारियों के समझाने के बाद आक्रोशित ग्रामीण जाम हटाने को तैयार हुए थे। इसके बाद वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका था। घटना के दूसरे दिन पुलिस ने हाईवे को जाम करने वाले नौ नामजद और 50 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
संदीपनघाट थाना प्रभारी शशिकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मूरतगंज चौकी प्रभारी अजीत सिंह की शिकायत पर मंतराज, फूलचंद, धर्मवीर, विनोद, देवनारायण, महेंद्र, राहुल, विक्रम और गोपाल निवासी धन्नी को नामजद करते हुए 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।