मंझनपुर। सदर कोतवाली इलाके के एक गांव में रहने वाले बालक को पीटने के बाद अश्लील वीडियो बनाने वाले पांच लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जुएं की फड़ में बालक के पहुंचने पर आरोपियों ने उसे सजा दी थी।
कोतवाली इलाके के एक गांव में रोजाना जुआं होता है। पिछले दिनों अल्पसंख्यक बिरादरी के लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान गांव का एक 12 वर्षीय अनुसूचित जाति का बच्चा फड़ में पहुंच गया। यह बात आरोपियों को काफी बुरी लगी। उन्होंने बच्चे को पीटने के बाद उसे अर्धनग्न कर ब्लेड से चोट पहुंचाई। उसे जबरन नचाया गया। इतना सब करने के बाद आरोपियों ने बच्चे का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घर पहुंचे बच्चे ने आपबीती बताई तो उसके पिता ने नामजद तहरीर पुलिस को दी। पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर गुरुवार को लड़के की मां ने एसपी प्रदीप गुप्ता को शिकायती पत्र दिया।
एसपी के आदेश पर शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने नारा गांव के मोहम्मद हसनैन, सोएब, एजाज, जमालउद्दीन और पप्पू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल उदयवीर सिंह का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।