मंझनपुर। प्रापर्टी डीलिंग में मोटी कमाई का सब्जबाग दिखाकर चालबाजों ने प्रयागराज के एक व्यक्ति को 25 लाख का चूना लगा दिया। कमाई का शेयर तो दूर मूलधन भी वापस नहीं किया जा रहा है। मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
प्रयागराज के धूमनगंज कोतवाली अंर्तगत बरेठा गांव निवासी शमीम उद्दीन का कहना है कि अप्रैल 2014 में मूरतगंज निवासी वसीम अहमद व खुशी केसरवानी से उसकी मुलाकात हुई। वसीम ने बताया कि वह कौशाम्बी में प्लाटिंग का काम करता है। नया जिला होने के कारण प्लाटिंग में काफी कमाई हो रही है। वसीम ने शमीम से भी पैसा लगाने की बता कही। बताया कि जमीन में जो भी प्लाट बिकेंगे उसकी कमाई में उसे शेयर दिया जाएगा। शमीम का कहना है कि झांसे में आकर उसने 25 लाख रुपये दे दिया। अब पैसा वापस नहीं किया जा रहा। मांगने पर धमकी दी जाती है। एसपी के निर्देश पर वसीम और खुशी केसरवानी के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बताते चलें कि इससे पहले जालसाज वसीम ने प्रयागराज के एक चिकित्सक समेत दो अन्य लोगों को भी लाखों का चूना लगा चुका है। पखवाड़े भर के भीतर वसीम के खिलाफ नगर कोतवाली में फ्राड का तीसरा मामला दर्ज हुआ है।
-