मंझनपुर। बिजली विभाग के करीब 15 करोड़ रुपये पर जिले के 12 हजार उपभोक्ता कुंडली मार कर बैठें हैं। यह वह उपभोक्ता है जो पिछले एक साल से बिल नहीं जमा कर रहे। विभाग ने इन उपभोक्ताओं को चिन्हित कर लिया है। जल्द ही सभी के खिलाफ आरसी जारी कर वसूली की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
जिले में एक लाख 70 हजार लोगों ने घरेलू कनेक्शन ले रखा है। इन उपभोक्ताओं की फौज में 12 हजार ऐसे कनेक्शन धारक खोज निकाले गए जो पिछले एक साल से बिल नहीं जमा कर रहे। बिजली की विभाग लाख कोशिश के बाद भी यह उपभोक्ता बिल नहीं जमा कर रहे हैं। विभाग के लोगों की माने तो इन अकेले 12 हजार उपभोक्ताओं पर ही 15 करोड़ से ज्यादा की रकम बकाया है। पहले चरण में इन्हीं उपभोक्ताओं से वसूली की जाएगी। बिल जमा नहीं होने पर सभी के खिलाफ आरसी जारी कर वसूली की जाएगी। इसके बाद उन उपभोक्ताओं की छंटनी होगी जो बिल को जमा कर रहे हैं लेकिन बकाएदार भी बड़े हैं।
200 में 40 के करीब छिपा रहे लोड
मंझनपर। बिजली विभाग के लोगों की माने तो हर 200 में 35 से 40 ऐसे उपभोक्ता सामने आ रहे हैं जिन्होंने कम लोड का कनेक्शन ले रखा है और उनके यहां बिजली का उपभोग ज्यादा हो रहा है। ऐसे उपभोक्ताओं के यहां चेकिंग करके लोड बढ़ाया जा रहा है।
बढ़ गया है लाइन लॉस
मंझनपुर। गर्मी की वजह से लोगों ने एसी का खूब इस्तेमाल किया। क्षमता से अधिक भार पड़ने के कारण जर्जर तार टूटकर गिर रहे हैं। उपकरण भी फुंक रहे हैं। इसके कारण लाइन लॉस बढ़ गया है। लाइन लास में 26 की जगह 28 यानि दो प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। उधर लोड ज्यादा होने के कारण फाल्ट और ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या सामने आ रही है।
जिले में करीब 12 हजार ऐसे उपभोक्ता चिन्हित किए गए हैं, जिन्होंने पिछले एक साल से बिजली का बिल ही नहीं जमा किया। ऐसे उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा जाएगा। इसके बाद भी पैसा नहीं जमा कराया गया तो आरसी जारी कर वसूली कराई जाएगी।
अंकित कुमार, अधिशासी अभियंता मंझनपुर