बिजली की अंधाधुंध कटौती फिर शुरू कर दी गई है। चायल में भी 24 घंटे में करीब पांच घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से लोगों में आक्रोश है। इससे सबसे ज्यादा दिक्कत कारोबारियों को हो रही है। इनका आरोप है कि शाम के समय बिजली गुल होने से कारोबार पर विपरीत असर पड़ रहा है। समस्या से अवगत कराए जाने के बाद भी आपूर्ति व्यवस्था ठीक नहीं की जा रही है। इससे गुस्साए व्यापारियों ने एसडीओ को धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
इन दिनों चायल इलाके में बिजली के लिए लोग परेशान हैं। कस्बे के लोगों की मानें तो करीब पखवारेभर से तो यहां बिजली आपूर्ति का रोस्टर ध्वस्त हो चुका है। अंधाधुंध कटौती की जा रही है। आपूर्ति रोस्टर के दौरान भी कई-कई घंटे बत्ती गुल रहती है। इससे ग्रामीणों के साथ ही व्यापारी भी परेशान हैं। चायल कस्बे के रहने वाले अशोक यादव, मक्खन लाल, सोहन लाल, रामकरन, मोहम्मद हासिम, अमर नाथ, मोहम्मद असलम आदि व्यापारियों ने बताया कि 15 दिनों से कटौती का आलम यह है कि दिन-रात मिलाकर करीब पांच घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। रात में तो बार-बार ट्रिपिंग होती रहती है।
इससे लोगों को ढिबरी और लालटेन की रोशनी में घरेलू कामकाज करना पड़ता है। वहीं बिजली कटौती से कारोबार भी चौपट हो रहा है। कस्बाइयों का कहना है कि कई बार एसडीओ और अवर अभियंता से शिकायत की गई। इसके बाद भी आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा है। मामले में अधिशासी अभियंता विकास कपूर का कहना है कि उपकेंद्रों को जो बिजली आपूर्ति होती है उसे गांव और कस्बाें में रोस्टर के मुताबिक दी जा रही है। संभव है कि कुछ दिनों से चायल क्षेत्र में ट्रिपिंग की समस्या हो। जांच कराकर ठीक कराया जाएगा।