पिपरी के लोधौर गांव में दहेज की मांग नहीं पूरी होने पर शादी के दूसरे दिन ही नवविवाहिता को घर से निकाल दिया गया। रविवार पीड़िता ने कोतवाली जाकर ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
संदीपनघाट कोतवाली के छोटी धन्नी गांव निवासी इरफान अहमद अपनी बेटी यासमीन बेगम की शादी पिपरी के लोधौर गांव निवासी निवासी युवक से करीब महीने भर पहले 25 नवंबर को की थी। यासमीन का आरोप है कि शादी के दूसरे दिन ही पति समेत ससुराली दहेज में पल्सर बाइक और दो लाख रुपये की मांग करने लगे।
आरोप है कि मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो ससुरालियों ने शादी के दूसरे दिन ही उसे घर से निकाल दिया। यासमीन रोते-बिलखते मायके पहुंची और पूरी जानकारी परिजनों को दी। पिता ने बाइक खरीदकर दामाद को मोबाइल से फोन किया। इसके बाद भी पति और ससुराली बिना दो लाख रुपये के उसे ले जाने को तैयार नहीं हुए।
बिरादरी की पंचायत के बाद भी बात नहीं बनने पर नवविवाहिता ने रविवार को ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की तहरीर दी। इंस्पेक्टर शिवचरन राम ने बताया की शिकायत मिली है। मामले की छानबीन के बाद कार्रवाई की जाएगी।