Newborn was beaten to death after a dispute with his wife
कोतवाली के नट का डेरा मजरा अरई सुमेरपुर गांव में बृहस्पतिवार रात पत्नी से विवाद के बाद नाराज युवक ने अपने दो माह के बच्चे को पटककर मार डाला। आरोपी ने पत्नी पर भी जानलेवा हमला कर दिया। मोहल्ले वालों की सूचना पर पहुंचे ससुराल वालों ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नट का डेरा गांव निवासी रईस अहमद की शादी सरायअकिल कोतवाली के घोसिया गांव की निदा के साथ हुई है। रईस मजदूरी करता है। बृहस्पतिवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।
इससे नाराज रईस ने पत्नी के गोद से अपने दो माह के बच्चे छीन लिया। आरोपी ने बच्चे को उठाकर जमीन पर पटक दिया। विरोध करने पर पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। जमीन पर गिरने के बाद कुछ ही देर में नवजात की मौत हो गई
। रईस की दरिंदगी देख मोहल्ले वालों ने निदा के मायके में खबर दी। सूचना पाकर नट का डेरा पहुंची निदा की मां अनीसा ने बेटी के साथ कोतवाली जाकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर रईस को हिरासत में ले लिया है।
बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इंस्पेक्टर चरवा संत शरण सिंह का कहना है कि आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को जेल भेजा जाएगा।