प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा
भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान, नौजवान एवं महिलाओं की तरक्की के लिए कृत संकल्प : केशव
सिराथू में रेलवे ओवरब्रिज समेत कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया
अमर उजाला ब्यूरो
सिराथू। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को आदर्श इंटर कॉलेज में आयोजित समारोह में सिराथू में रेलवे ओवरब्रिज समेत 154 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का बटन दबाकर शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान, नौजवान एवं महिलाओं की तरक्की के लिए कृत संकल्प है। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को लखनऊ से हैलीकाप्टर से सिराथू करीब 11.30 बजे पहुंचे। हैलीपैड से कार से पैतृक घर के रास्ते में स्थापित दुर्गा पंडाल में नागरिकों ने उन्हें रोक लिया। पंडाल में देवी दर्शन करने के बाद घर के लिए रवाना हो गए। डिप्टी सीएम ने पहले अपने पिता के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसके बाद डिप्टी सीएम आदर्श इंटर कालेज में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे। यहां उन्होंने बटन दबाकर करीब 153 करोड़ की लागत वाली परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर आयोजित सभा में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि वह प्रदेश की 24 करोड़ जनता की सेवा कर रहे हैं। उनके बेहतरी के लिए जगह-जगह सड़क एवं पुल का निर्माण कराया जा रहा है। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। आने वाले समय में यूपी खूबसूरत सड़कों के लिए भी जाना जाएगा। सपा सरकार की आधी-अधूरी परियोजनाएं भी भाजपा सरकार पूरा करा रही है। अपने ग़ृह विधान सभा सिराथू का जिक्र करते हुए कहा कि नगर में ओवरब्रिज का निर्माण जनहित में जरूरी है। कहा कि इसके निर्माण के दौरान कुछ परेशानी भी हो सकती है, लेकिन भविष्य के लिए काफी फायदेमंद रहेगी। कहा कि सयांरा बाईपास में बन रहा ओवरब्रिज इस साल के अंत तक चालू कर दिया जाएगा। सिराथू और शहजादपुर गंगा घाट पर प्रस्तावित पुल 2022 से पूर्व तैयार हो जाएगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश पासी, सांसद विनोद सोनकर, सिराथू विधायक शीतला प्रसाद पटेल, चायल विधायक संजय गुप्ता, विधायक विक्रमादित्य मौर्य, अरुण केशरवानी, चंद्रिका प्रसाद पटेल, अनिल शर्मा, सुनील मिश्र, सोमेश्वर त्रिपाठी, भोला यादव, शिवदानी, प्रतिभा कुशवाहा, निशीत श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
क्षतिग्रस्त मार्ग से गुजरी डिप्टी सीएम की कार
सिराथू। जीजीआईसी मैदान में हेलीकाप्टर से उतरने के बाद कार में सवार हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या का काफिला घर के लिए रवाना हुआ। धात वाया सिराथू मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने से डिप्टी सीएम की कार हिचकोले खाती रही। आदर्श इंटर कालेज में लोकार्पण कार्यक्रम होने के बाद डिप्टी सीएम ने सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने का जिक्र करते हुए कहा कि चिंता की काई बात नहीं है। वह इस मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए कल ही स्वीकृत प्रदान कर आए हैं। बहुत जल्द यह सड़क ठीक हो जाएगी। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के स्थानीय अधिकारियों की सांसें अटकी रहीं। उन्हें इस बात का डर सता रहा था कि डिप्टी सीएम के आगमन से पूर्व उन्होंने क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत नहीं कराकर कोई चूक तो नहीं कर दी। जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़े।