कौशाम्बी में दुर्घटनाग्रस्त होने से बची नंदन कानन एक्सप्रेस
भरवारी रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन के पास तिपहिया ट्राली से टकराई
इंजन में आई मामूली खराबी, अन्य गाड़ियों को आउटर पर रोका गया
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवारी (कौशाम्बी)। दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलमार्ग पर मंगल सुबह नंदन कानन एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। भरवारी रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन के पास ट्रेन धान की फसल के अवशेष लदी तिपहिया ट्राली से टकरा गई। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इंजन में मामूली खराबी आ जाने से ट्रेन आधे घंटे तक भरवारी में ही खड़ी रही। इसके पीछे आ रही महानंदा एक्सप्रेस व कई मालगाड़ियां लगभग आधे घंटे खड़ी रहीं।
पुरी से नई दिल्ली जा रही नंदन कानन एक्सप्रेस मंगलवार सुबह कौशाम्बी पहुंची। यहां भरवारी रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन के पास खंभा नंबर 861/19 से 861/20 के बीच एक व्यक्ति तिपहिया ट्राली पर धान की फसल के अवशेष लादकर ट्रैक पार कर रहा था। ट्रेन आती देख चालक ट्राली को ट्रैक पर ही छोड़कर भाग निकला, जिससे नंदन कानन ट्राली से टकरा गई। इससे ट्राली के परखचे उड़ गए। टक्कर से इंजन में मामूली खराबी आने से ट्रेन भरवारी स्टेशन पर 9:43 से 10:14 तक खड़ी रही। इस वजह से पीछे आ रही महानंदा एक्सप्रेस और कई मालगाड़ियों को आउटर पर ही खड़ा करना पड़ा। 10:15 पर ट्रेन भरवारी स्टेशन से रवाना की गई। आरपीएफ चौकी इंचार्ज आरएस ध्यानी ने बताया कि ट्राली मालिक की पहचान नहीं हो पाई है। पूछताछ की जा रही है।