युवती से छेड़खानी के विरोध पर की गई थी दुग्ध विक्रेता की हत्या
कुतुबआलमपुर में 24 जनवरी की रात हुई थी घटना
मामले का खुलासा कर पुलिस ने दो हत्यारोपियों को किया गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
करारी। रविवार को दुग्ध विक्रेता बलराम की हत्या का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि हत्या का मुख्य आरोपी सोनू अभी फरार है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद करने का दावा किया है। बदमाशों ने बताया पुलिस को बताया कि सोनू एक लड़की से एकतरफा प्यार करता था। जिसका विरोध करने पर उन लोगों ने सोनू के कहने पर वारदात को अंजाम दिया था।
एसपी आफिस में सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने पत्रकारों को बताया कि कुतुबआलमपुर गांव निवासी बलराम सिंह यादव की 24 जनवरी की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के परिजनों ने गांव के सोनू यादव, पप्पू यादव व एक अन्य के विरुद्ध हत्या का मुकदमा लिखाया था। एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने घटना के खुलासे के लिए टीमें लगाई थीं। टीम को रविवार को सफलता मिल गई।
सर्विलांस टीम की मदद से थानाध्यक्ष करारी चंद्रभूषण मौर्य ने पुलिस फोर्स के साथ नेवारी गांव स्थित ससुरखदेरी नदी की पुलिया के पास से विनोद यादव निवासी लाट थाना कोखराज तथा मनीष कौसर उर्फ चुन्नी निवासी पुरानी बाजार थाना कोखराज को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से एक बाइक, एक तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ। पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि सोनू यादव क्षेत्र की ही एक युवती से एक तरफा प्यार करता था। अक्सर वह उसे छेड़ता था। युवती के घरवालों ने इसकी जानकारी बलराम को दी। इस पर बलराम ने सोनू को बुलाकर फटकार लगाई और युवती का पीछा नहीं करने की हिदायत दी। इससे आरोपी युवक बलराम से खुन्नस रखने लगा था।
इसी के चलते सोनू ने उन लोगों के साथ मिलकर बलराम को गोली मारी थी। हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त अभी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। एसपी ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पकड़े गए हत्यारोपियों के खिलाफ लिखापढ़ी कर जेल भेज दिया गया।