यूसुफपुर रारा गांव में कीचड़ से बदहाल सड़क। संवाद
सदर ब्लॉक की चक सहनपुर ग्राम पंचायत के यूसुफपुर रारा गांव में मुख्य मार्ग पर करीब 100 मीटर तक नाली का निर्माण न होने से ग्रामीणों को रोजाना बदहाल सड़क से गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर फैला कीचड़ व्यवस्था की बदहाली को दिखाता है। यहां लोगों की सुनने वाला कोई नहीं है।
ग्रामीणों ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत करीब एक वर्ष पहले पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी गई थी लेकिन आज तक मरम्मत नहीं कराई। इसके बाद भारी वाहनों के आवागमन से सड़क दब गई है। इससे नाली के अभाव में घरों से निकलने वाला गंदा पानी इंटरलॉकिंग मार्ग पर बहता रहता है। बारिश में मार्ग पर कीचड़ और जलभराव होने से स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी होती है।
वर्जन
इकबाल सरोज के घर से सूबेदार सरोज के घर तक करीब 100 मीटर नाली नहीं बनी है। इसी कारण रास्ता हमेशा कीचड़ से भरा रहता है और लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है।- तीरथ, ग्रामीण
यह गांव का मुख्य मार्ग है। रोजाना सैकड़ों लोग इसी रास्ते से गुजरते हैं। बारिश में स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। - अतुल शुक्ला, ग्रामीण
::वर्जन ::
सड़क की बदहाली की जानकारी मिली है, नाली निर्माण के लिए कार्य योजना बनाकर प्रस्ताव भेजा गया है। बजट स्वीकृत होते ही नाली निर्माण कराकर ग्रामीणों की समस्या दूर की जाएगी। - नीलेश कुमार, बीडीओ, मंझनपुर