Mourning among colleagues due to the death of the engineer
- फोटो : KAUSHAMBI
अभियंता के निधन से साथियों में शोक
पावर कारपोरेशन के एमडी को संबोधित सात सूत्रीय मांग पत्र एसई को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। घटमापुर पावर हाउस में नियुक्त अवर अभियंता सुनील कुमार की सड़क हादसे में मौत से परिजनों के साथ ही साथियों में शोक है। शुक्रवार को बिजली कर्मियों ने दिवंगत साथी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके अलावा मृतक अभियंता के परिवार को एक करोड़ मुआवजा व पत्नी को विभाग में नौकरी दिए जाने समेत सात सूत्रीय मांगों को लेकर एमडी को संबोधित ज्ञापन अधीक्षण अभियंता को सौंपा।
सोनभद्र जिले के सुनील कुमार (40) अवर अभियंता थे। उनकी तैनाती पइंसा कोतवाली क्षेत्र के घटमापुर उपकेंद्र में थी। इससे पहले वह फतेहपुर जिले में नियुक्त थे। इस वजह से वह रोजाना फतेहपुर से घटमापुर आवागमन करते थे। गुरुवार शाम वह बाइक से फतेहपुर के लिए निकले थे। शाम सात बजे के करीब कैमा गांव के समीप अप्पे से टक्कर हो जाने पर उनकी मौत हो गई थी। मौत की खबर से परिजनों के साथ ही साथी कर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बिजली कर्मियों ने बैठक कर दिवंगत अभियंता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। संगठन के सचिव विनम्र पटेल ने पावर कारपोरेशन के एमडी को संबोधित सात सूत्रीय मांग पत्र अधीक्षण अभियंता को सौंपा। जिसमें अभियंता सुनील के घरवालों को एक करोड़ मुआवजा, पत्नी को विभाग में नौकरी, विद्युत सुरक्षा अधिनियम, बिजली कर्मियों का सामूहिक बीमा कराए जाने की मांग शामिल थी। इस दौरान एक्सईएन अंकित कुमार, राकेेश कुमार, राजेश कुमार, एसडीओ आशीष सिंह, आशीष मौर्य, जेई चंद्रिका प्रसाद सहित तमाम लोग मौजूद रहे।