चायल। पिपरी कोतवाली के कादिलपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर एक मोटर मैकेनिक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मैकेनिक घर में लगे सबमर्सिबल को ठीक कर रहा था। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। परिवार वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कादिलपुर निवासी त्रिभुवन पटेल उर्फ सोना (32) चार पहिया वाहन का मोटर मैकेनिक था। वह गाड़ियां बनाने के साथ ही गाड़ी चलाने का भी काम करता था। उसके पास निजी टवेरा गाड़ी थी। शुक्रवार को वह घर पर टवेरा धुल रहा था। इस दौरान अचानक सबमर्सिबल खराब हो गया। त्रिभुवन सबमर्सिबल ठीक करने लगा तभी वह करंट की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने किसी तरह उसे मोटर से अलग किया और आननफानन इलाज के लिए प्रयागराज के लिए निकले। रास्ते में ही त्रिभुवन की मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार वाले शव लेकर गांव लौट आए और पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो साल पहले हुई थी शादी
चायल। करंट की चपेट में आए मैकेनिक मृतक त्रिभुवन के परिजनों ने बताया कि दो साल पहले उसकी शादी हुई थी। एक वर्ष की बेटी किंजल की परवरिश कैसे होगी इसे लेकर उसकी पत्नी विनीता का रो-रो कर बुरा हाल है।
ट्रैक्टर से टकराने के बाद पेड़ से भिड़ी पिकअप, चालक गंभीर
सिराथू। कड़ाधाम कोतवाली के कमालपुर गांव के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार पिकअप ट्रैक्टर में टकराने के बाद पेड़ से भिड़ गई। हादसे में पिकअप चालक को गंभीर चोट आई है। राहगीरों की सूचना पर पहुंची यूपी-112 की पुलिस ने जख्मी चालक को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रयागराज जिले के खीरी कोतवाली अंतर्गत जोरावट गांव का राजमणि गुप्ता अपने परिजनों व रिश्तेदारों के साथ शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर में सवार होकर मां शीतला के दर्शन पूजन के लिए कड़ा धाम जा रहा था। ट्रैक्टर जैसे ही कमालपुर गांव के पास पहुंचा कि सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर का पिछला पहिया बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, पिकअप अनियंत्रित होकर पास के पेड़ से जा टकराई गई। घटना में पिकअप चालक रामनरेश (29) निवासी बलवलिया, निगोहा लखनऊ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जख्मी चालक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। संवाद