फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaushambi News: नवरात्र के पहले दिन शैलपुत्री के रूप में पूजी गईं मां शीतला

Tue, 23 Sep 2025 01:10 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कौशांबी
विज्ञापन
नवरात्रि के पहले दिन कड़ा के कुबरी घाट में स्नान के लिए उमड़ा भक्तों का सैलाब। संवाद
विज्ञापन
51 शक्तिपीठों में शामिल कड़ा धाम में सोमवार को नवरात्र के पहले दिन मां शीतला का पूजन शैलपुत्री स्वरूप में हुआ। सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने कुबरी घाट, कालेश्वर घाट, हनुमान घाट, बाजार घाट, अकबरपुर घाट और असतपुर घाट पर स्नान कर मां के दर्शन किए।
विज्ञापन

हाथों में नारियल, चुनरी और प्रसाद लिए श्रद्धालु मां के दरबार में जयकारे लगाते हुए दर्शन को उत्साहित नजर आए। देश के कोने-कोने से भक्त पहुंचे। कुछ श्रद्धालु परंपरा के अनुसार साष्टांग मां शीतला के दर्शन करने पहुंचे। पंडा समाज के अध्यक्ष आत्म प्रकाश पांडा ने बताया कि लाखों की संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे। उनकी सुविधा के लिए मंदिर परिसर में वालंटियर तैनात किए गए थे।
गर्मी पर आस्था भारी
नवरात्र के पहले दिन तेज धूप और गर्मी ने भी श्रद्धालुओं की आस्था को नहीं डिगाया। लाखों भक्त धूप में खड़े होकर दर्शन को उत्सुक दिखे। कई श्रद्धालु दो-दो किलोमीटर पैदल चलकर मां के दरबार पहुंचे। चिलचिलाती धूप भी श्रद्धालुओं की आस्था के आगे बेअसर रही।
विज्ञापन

जाम हटवाने में पुलिस के छूटे पसीने
मां शीतला के दरबार में भीड़ इतनी अधिक रही कि रास्तों में जाम लग गया। पुलिस-प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद कड़ा से फरीदगंज चौराहे तक करीब पांच किलोमीटर का जाम लग गया। फसैया तालाब के पास भी यही स्थिति रही। हालांकि, पुलिस ने मेले के भीतर वाहनों को प्रवेश नहीं होने दिया और पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया। ऐसे में लोग चिलचिलाती धूप में जाम में फंसे व्याकुल दिखे। थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह फोर्स के साथ मेला क्षेत्र में भ्रमण करते और व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।

कलश स्थापना के साथ शुरू हुई जगतजननी की आराधना
शारदीय नवरात्र का शुभारंभ प्रतिपदा से हो गया। सोमवार को जिले भर के 1137 पूजा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां अंबे की प्रतिमाएं विराजित की गईं। घरों में भक्तों ने कलश स्थापना करते हुए नौ दिन के व्रत की शुरुआत की। मंदिरों में मां के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री के दर्शन-पूजन के लिए भोर से ही भक्तों का तांता लगा रहा। इस दौरान मंदिर परिसर व पूजा पंडाल घंटे-घड़ियाल और मां के जयकारों से गूंजते रहे।
नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही भक्त स्नान कर पूजा की तैयारी में जुट गए। पूजा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुरोहितों ने मां अंबे की प्रतिमा स्थापित कराई। मूर्ति स्थापना के समय पूरा माहौल मां के जयकारों से गूंज उठा। नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा होती है। इस अवसर पर मंदिरों में प्रतिमाओं को शैलपुत्री स्वरूप में सजाया गया। मां का दर्शन-पूजन करने के लिए सुबह से ही मंदिरों और पंडालों में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही।
मंझनपुर स्थित मां दुर्गा मंदिर में सुबह से लेकर दोपहर तक भक्तों की भीड़ लगी रही। इसी तरह करारी नगर पंचायत कार्यालय, रामलीला मैदान और सोनारन टोला मोहल्ले में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। पश्चिमशरीरा स्थित झारखंडी माता मंदिर में कस्बा व आसपास के भक्त माथा टेकने पहुंचे। संचवरा स्थित मां अलोप शंकरी व अंबारी गांव के देवी मंदिर में भी भक्तों ने दर्शन-पूजन किए। कौशाम्बी ब्लॉक के चांदकन गांव स्थित मां चंद्रिका देवी मंदिर में श्रद्धालुओं ने विधिविधान से पूजन-अर्चन किया।

नवरात्रि के पहले दिन कड़ा के कुबरी घाट में स्नान के लिए उमड़ा भक्तों का सैलाब। संवाद

नवरात्रि के पहले दिन कड़ा के कुबरी घाट में स्नान के लिए उमड़ा भक्तों का सैलाब। संवाद

नवरात्रि के पहले दिन कड़ा के कुबरी घाट में स्नान के लिए उमड़ा भक्तों का सैलाब। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें