शारदीय नवरात्र का शुभारंभ सोमवार को कलश स्थापना के साथ होगा। इस बार जिलेभर में 1137 पंडालों में मां भवानी विराजेंगी। नवरात्र की पूर्व संध्या पर पूजा पंडालों की साज-सज्जा देर रात तक चलती रही। जगह-जगह आकर्षक झालरों और फूलों से पंडाल सजाए गए। जयकारों के बीच भक्त प्रतिमाओं को लेकर पंडालों में पहुंचे।
इस बार नवरात्र 10 दिन का होगा। चतुर्थी तिथि की वृद्धि के कारण श्रद्धालु मां की आराधना नौ की बजाय 10 दिन तक कर सकेंगे। मंझनपुर, करारी, भरवारी, सिराथू, चायल, सरायअकिल और कड़ा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी भक्त दिनभर तैयारियों में जुटे रहे।
भक्तों की टोली रविवार को पूरे उत्साह के साथ माता की प्रतिमाएं लेकर पंडालों तक पहुंचती रहीं। प्रतिमाएं स्थापित होने के बाद देर रात तक सजावट और तैयारियों का सिलसिला जारी रहा। दूसरी ओर, 10 दिन का व्रत रखने वाले भक्तों ने पूजन सामग्री, फलाहार, नारियल, बताशा, चुनरी व अन्य सामग्री की खरीदारी की।
त्योहार को लेकर बाजारों में पूरे दिन रौनक बनी रही। विद्युत झालरों, कृत्रिम फूलों और सजावटी सामान की जमकर बिक्री हुई। सोमवार सुबह से ही गांव और कस्बे मां की भक्ति से सराबोर दिखेंगे। अगले 10 दिनो तक हवन, पूजन और भक्ति गीतों का कार्यक्रम जिलेभर में चलता रहेगा।
प्रत्येक पंडाल पर 10-10 वालंटियर सुरक्षा में तैनात रहेंगे
जगत जननी मां जगदंबा के स्वागत की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। रविवार देर शाम तक आयोजक पूजा पंडालों की सजावट में लगे रहे। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 1137 स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित होंगी। पर्व को देखते हुए पुलिस व प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पंडालों के पास पुलिस मोबाइल गश्त करेगी। गांव-गांव बीट सिपाही और अधिकारियों के नंबर लोगों को उपलब्ध कराए गए हैं। प्रत्येक पंडाल पर 10-10 वालंटियर सुरक्षा में तैनात रहेंगे। बिना अनुमति के प्रतिमा स्थापना पर रोक रहेगी। जिले में 286 विसर्जन स्थल चिह्नित किए गए हैं।
10 दिन की होगी नवरात्र
शारदीय नवरात्र इस बार 10 दिन की होगी। चतुर्थी तिथि की वृद्धि के कारण श्रद्धालुओं को मां की उपासना का अवसर एक दिन और मिलेगा। इस बार चतुर्थी तिथि 25 और 26 सितंबर दोनों दिन रहेगी। 26 सितंबर को सूर्योदय के बाद प्रात: 6:48 बजे तक चतुर्थी रहने से उस दिन भी चतुर्थी का मान होगा। इसके बाद पंचमी तिथि 27 सितंबर को सुबह 8:46 बजे तक रहेगी। इस प्रकार उदयातिथि के आधार पर नवरात्र 10 दिनों तक चलेगा।
पश्चिमशरीरा कस्बे में भक्त सजा रहे मां दुर्गा का पंडाल। संवाद
पश्चिमशरीरा कस्बे में भक्त सजा रहे मां दुर्गा का पंडाल। संवाद