घटना के बाद फकीराबाद में जुटी भीड़, संवाद
फकीराबाद स्थित स्टेट बैंक के पास सोमवार दोपहर अनियंत्रित डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार महिला और उसकी दो वर्षीय बेटी की मौत हो गई। महिला का भाई और मासूम बेटा घायल हो गए। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया।
प्रयागराज के नवाबगंज कोतवाली क्षेत्र के बुदौना शुक्लान गांव की रहने वाली वंदना त्रिपाठी (24) पत्नी चिरंजीव शुक्ला, अपनी दो वर्षीय बेटी गौरांगी शुक्ला और बेटे प्रथम शुक्ला के साथ मायके चरवा क्षेत्र के सुकवारी गांव आई थीं। सोमवार को वह भाई विकास के साथ बाइक से सरायअकिल के एक अस्पताल में जन्मे भाई के पुत्र को देखने गई थीं।
दोपहर में लौटते समय, स्टेट बैंक के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वंदना और गौरांगी डंपर के पहिये के नीचे आ गईं। विकास और प्रथम बाइक से छिटककर दूर जा गिरे। इससे उन्हें मामूली चोटें आईं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया।
हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने वंदना और गौरांगी को एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।