पिपरी कोतवाली के कसेंदा गांव स्थित पेट्रोल पंप पर शनिवार रात ओवरलोड बालू लदे वाहनों की जांच के दौरान खनन इंस्पेक्टर और उनकी टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमले में खनन इंस्पेक्टर, चालक और उनके दो हमराही घायल हो गए। मारपीट के बाद आरोपी डंपरों में लदा बालू सड़क पर गिराकर मौके से भाग निकले।
खनन इंस्पेक्टर शत्रुघ्न सिंह के मुताबिक वह शनिवार रात हमराही रमेश चंद्र, अलखपुरुष और चालक सुमित के साथ ओवरलोड वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान कसेंदा गांव के पास एक पेट्रोल पंप पर बालू लदे तीन डंपर खड़े मिले। टीम द्वारा चालकों से कागजात मांगे जाने पर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि डंपर चालकों ने पेट्रोल पंप मालिक, मैनेजर और अन्य लोगों के साथ मिलकर टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। घटना के बाद आरोपी डंपरों से बालू सड़क पर गिराकर प्रयागराज की ओर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक डंपर को कब्जे में लेकर एक आरोपी को हिरासत में लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।
मामले में खनन इंस्पेक्टर की तहरीर पर पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालक अंशू सिंह, प्रबंधक हरिओम सिंह, शिवम सिंह, अफगान, बलवंत सिंह के अलावा 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
टीम पर हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। -अभिषेक सिंह, सीओ चायल।
राजीव गांधी खेल परिसर कोटड़ा खास में समतल किया गया मैदान। संवाद