Mini stadium to be built in Tilgodi with four and a half million
- फोटो : KAUSHAMBI
तिलगोड़ी में साढ़े चार करोड़ से बनेगा मिनी स्टेडियम
किया गया भूमि पूजन, पिछले वर्ष स्टेडियम बनाने का पास हुआ था प्रस्ताव
स़ंवाद न्यूज एजेंसी
चायल। ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। तिलगोड़ी गांव में जल्द ही मिनी स्टेडियम बनकर तैयार हो जाएगा। करीब साढ़े चार करोड़ की लागत से बनने वाले इस स्टेडियम का शुक्रवार को भूमि पूजन भी कर दिया गया। इस दौरान विभागीय अफसरों के साथ ही कार्यदायी संस्था के ठेकेदार व ग्रामीण मौजूद रहे।
चायल तहसील क्षेत्र में खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए अब तक कोई उचित स्थान नही है। ऐसे में सालभर पहले विधायक संजय गुप्ता ने मुख्यमंत्री से मिलकर चायल विधानसभा में मिनी स्टेडियम बनाए जाने की मांग की थी। विधायक के प्रयास के बाद नवंबर 2019 में चायल विधानसभा के तिलगोड़ी गांव में मिनी स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव पास हुआ। लखनऊ की कंस्ट्रक्शन कंपनी आराध्या इंटरप्राइजेज ने इसको बनाने का ठेका लिया है। चार करोड़ 60 लाख की लागत से बनने वाले इस मिनी स्टेडियम के निर्माण की जिम्मेदारी यूपीपीसीएल को दी गई है। शुक्रवार को जिला युवा कल्याण अधिकारी छंगूराम सरोज ने परियोजना प्रबंधक आरके सिंह व ठेकेदार अरुण यादव के साथ स्टेडियम की जमीन का भूमिपूजन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बच्चों को खेलकूद में कोई परेशानी न हो इसलिए यह मिनी स्टेडियम बनवाया जा रहा है। भूमिपूजन में शामिल परियोजना प्रबंधक ने बताया कि करीब .91 हेक्टेयर जमीन में मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा। साथ ही स्टेडियम में हरियाली व सौंदर्यीकरण के लिए कई तरह के पौधे भी रोपित किए जाएंगे। भूमिपूजन से पहले रास्ता बनाने को लेकर कुछ समस्या सामने आ रही थी। जिसे स्थानीय किसानों के सहयोग से दूर कर लिया गया है। सभी किसानों ने मिनी स्टेडियम बनने के लिए अपनी भूमि में रास्ता बनाने को जगह देकर सहयोग किया। इस मौके पर बीडीसी वीरेंद्र यादव, नरेंद्र पांडेय, शिवमोहन व अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।