न्यायालय के आदेश पर 11 अगस्त को जिले में आई सीबीआई ने दस दिन तक अवैध खनन की सघन छानबीन की। इस दौरान टीम ने कई कारोबारियों, सिंडीकेट के गुर्गों को तलब कर साक्ष्य जुटाए। अवैध खनन का सबूत जुटाने के बाद सोमवार को सात सदस्यीय टीम दोआबा से दिल्ली के लिए लौट गई।
दोआबा समेत अन्य जिलों में बालू का अवैध खनन हुआ या नहीं इसकी जांच करने के लिए न्यायालय ने 28 जुलाई को सीबीआई जांच बैठा दी थी। न्यायालय के आदेश पर दोआबा में अवैध खनन की जांच करने के लिए सात सदस्यीय सीबीआई टीम 11 अगस्त को आई। ओसा स्थित कांशीराम अतिथि गृह में कैंप कार्यालय बनाने के बाद सीबीआई ने शुरुआती दौर में जिले के दर्जनभर बालू घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान बड़े पैमाने पर बालू डंप मिला। इसके बाद एक-एक करके बालू पट्टेधारकों को कैंप कार्यालय में तलब कर सीबीआई टीम साक्ष्य जुटाती रही। अंत में सीबीआई ने सिंडीकेट के गुर्गों को बुलाकर सघन पूछताछ की। सोमवार को टीम वापस चली गई। इसे लेकर दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।