क्षेत्र के दिलावलपुर मार्ग पर बुधवार सुबह एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार जीजा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके साले की हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कड़ा धाम थाना क्षेत्र के अजीजपुर निवासी सियाराम सरोज (45) पुत्र स्व. हरछठिया अपने साले मुकेश सरोज पुत्र फूलचंद्र निवासी छब्बूकापूरा मजरा बरुवा थाना पश्चिमशरीरा के साथ किसी काम से टेढ़ीमोड गए थे। सुबह काम निपटाकर दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक दिलावलपुर गांव के समीप पहुंची अचानक संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे पेड़ से जा टकराई। हादसे में जीजा-साले गंभीर रूप से जख्मी हो नए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कड़ा में भर्ती कराया जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद सियाराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं मुकेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।