मंझनपुर। चरवा के सैयद सरावा रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार की सुबह एक युवती चलती ट्रेन से गिर गई। हादसा उस वक्त हुआ जब युवती ट्रेन के अंदर गेट के पास फोन पर बात कर रही थी। मौजूद लोगों ने घायल युवती को आनन-फानन में इलाज के लिए चायल पीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। युवती के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
बिहार पटना के सरपंचसिया सहरता निवासी अंजनी सिंह की 19 वर्षीय बेटी मधु दिल्ली में रहकर मेडिकल की पढ़ाई करती है। शुक्रवार को वह दिल्ली से पटना जाने के लिए दिल्ली डिब्रूगढ़ सियालदाह एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रही थी। सुबह नौ बजे ट्रेन जैसे ही सैयद सरावा रेलवे स्टेशन पार किया तो मधु फोन पर बात करने लगी।
आवाज कम आने के कारण वह गेट पर आकर बात कर रही थी तभी हवा का झोंका लगने से युवती ट्रेन के नीचे गिर गई। घटना को जब लोगों ने देखा तो उसे पुलिस कर्मियों की मदद से आनन फानन में इलाज के लिए चायल पीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होती देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है।