रानीगंज के बैरमपुर सुवंसा स्थित 50 बेड संयुक्त चिकित्सालय के सामने लोहे की गुमटी में बगैर लाइसेंस चल रहे मेडिकल स्टोर को ड्रग विभाग ने सीज कर दिया। 71 हजार की दवाएं जब्त करते हुए दो दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। जिले के ड्रग इंस्पेक्टर शिव कुमार और फतेहपुर के ड्रग इंस्पेक्टर संजय दत्त ने संयुक्त रूप से बीते दो सितंबर को छापा मारा था। मौके पर अनिल कुमार बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर संचालित करते मिले। टीम ने दवाओं का स्टॉक जब्त कर दुकान में ताला जड़ दिया। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।