जिले की नोडल अफसर मनीषा त्रिघाटिया ने शुक्रवार को सदर तहसील क्षेत्र के जमदुआ गांव में चौपाल लगाई। इसमें विकास कार्यों के बारे में पूछताछ की। ग्रामीणों की शिकायतों को भी सुना और निस्तारण का निर्देश दिया। इस दौरान टीकाकरण में लापरवाही मिलने पर करारी पीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. इरशाद व सौभाग्य योजना में गड़बड़ी मिलने पर अवर अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि देने डीएम को आदेश दिया।
नोडल अफसर मनीषा त्रिघाटिया ने प्रदेश सरकार की योजनाओं की समीक्षा की। प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, पेंशन योजना के लाभार्थियों से बातचीत। चौपाल में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने एक-एक योजना की जानकारी दी और प्रगति भी बताई। चौपाल के बाद नोडल अफसर ने करारी कोतवाली का निरीक्षण किया। अभिलेखों को देखने के बाद नोडल अफसर ने संतुिष्ट जाहिर की। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग कार्यालय, पीएचसी करारी व मंझनपुर में निर्माणाधीन बस डिपो का निरीक्षण किया गया। इस मौके पर सीडीओ इंद्रसेन सिंह, एसडीएम सदर सतीश चंद्र, खंड विकास अधिकारी आदि मौजूद रहे।