सैनी कोतवाली क्षेत्र के सौंरई बुजुर्ग गांव के एक युवक को सऊदी अरब में बंधक बनाकर बेगारी कराई गई। जालसाज एजेंट ने रकम ऐंठने के बाद उसे टूरिस्ट वीजा पर सऊदी अरब भेज दिया था। किसी तरह घर लौटे युवक ने परिजनाें को आपबीती बताई तो उनके होश उड़ गए। परिजनों के साथ युवक रुपया मांगने पहुंचा तो उसको धमकी दी गई। बुधवार को भुक्तभोगी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
सौंरई बुजुर्ग गांव निवासी जय सिंह पुत्र घसीटे लाल बेरोजगार है। बताया कि पड़ोसी गांव का एक व्यक्ति छह महीने पहले सऊदीअरब में काम करने के लिए वीजा दिलाने के लिए करीब दो लाख 10 हजार रुपया ले लिया। इसके बाद उसे टूरिस्ट वीजा पर सऊदी भेज दिया। जब वह वहां पहुंचा तो उसे काम नहीं मिला, बल्कि उसे वहां बंधक बना लिया गया। बेटे पर हुए जुल्म की जानकारी पिता को हुई तो किसी तरह बेटे को वापसी का टिकट भेजकर बुलाया। बीमार हालत में वतन लौटे युवक ने आपबीती परिजनाें को बताई तो वह परेशान हो गए। आरोप है घर वापसी के कुछ दिन बाद वह परिजनों के साथ पैसा मांगने एजेंट के घर पहुंचा तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। बुधवार को मंझनपुर पहुंचे युवक ने मामले से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया और न्याय की गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक ने सैनी कोतवाल को आरोपों की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।