मिस्ट्री बना मस्ताना मर्डर केस, नहीं सुलझ रही मौत की गुत्थी
हत्या के बाद अब आत्महत्या की बात कह रहे परिजन, पुलिस ने बरामद किया तमंचा
चायल। सरायअकिल के मिश्रपुर डहिया गांव में एक दिसंबर की रात डायट प्रवक्ता के बेटे की हत्या कर दी गई थी। वारदात के हफ्ते भर बाद भी पुलिस हत्यारे तक नही पहुंच सकी है। इसकी प्रमुख वजह परिजनों का लगातार बदलता बयान बताया जा रहा है। शुक्रवार को मृतक के परिजनों ने आत्महत्या की बात कह कर पुलिस को एक तमंचा भी सौंपा है। ये हत्या फिलहाल एक मिस्ट्री बन गयी है।
मिश्रपुर डहिया गांव के भुवनेश्वर दत्त मिश्र डायट में प्रवक्ता हैं। एक दिसंबर की रात उनके बड़े बेटे सत्येंद्र मिश्र उर्फ मस्ताना की हत्या कर दी गयी थी। मृतक के पिता की तहरीर पर पहले तो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। परिजनों ने गोली मारकर हत्या करने की बात बताई। मगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की तफ्तीश में हत्या धारदार हथियार से करने की पुष्टि हुई है। पुलिस जांच में हत्या घर के अंदर ही होने की बात सामने आई तो परिवार के एक-एक सदस्य से पुलिस अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ में अब घरवाले मस्ताना द्वारा गोली मार कर आत्महत्या करने की बात बता रहे हैं।
शनिवार को घरवालों ने पुलिस को एक तमंचा भी सौंपा है। परिजनों के अनुसार मृतक ने घरेलू विवाद के कारण इसी तमंचे से खुद को गोली मार ली थी। मगर शव के पोस्टमार्टम और एक्स-रे रिपोर्ट में गोली लगने जैसी बात कहीं नहीं है। इसलिए पुलिस घरवालों की इस नई कहानी से एक बार फिर उलझ गई है। दूसरी तरफ ग्रामीणों में भी हत्या को लेकर अब तमाम तरह की बात सामने आने लगी है। कुछ का कहना है की घरवालों ने ही मस्ताना की हत्या कर दी तो कुछ इसमे किसी करीबी रिश्तेदार के शामिल होने की बात कर रहे हैं। पुलिस फिलहाल सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। कोतवाल प्रदीप कुमार सिंह का कहना है पुलिस के हाथी अहम सुराग लग गए हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।