चरवा थाना क्षेत्र के चपहुंआ गांव में बुधवार शाम एक विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संदीपनघाट थाना क्षेत्र के गुलामीपुर निवासी रामदास ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रंजना (30) की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व चरवा थाना क्षेत्र के चपहुंआ गांव निवासी दिलीप कुमार के साथ की थी। दिलीप गांव में मजदूरी करता है। इनकी करीब तीन साल की एक बेटी भी है।
पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर रंजना को प्रताड़ित करते थे। कुछ दिन पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी। रामदास का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने पहले रंजना के साथ मारपीट की और फिर उसे फंदे से लटकाकर हत्या कर दी।
उन्होंने पति समेत सास और ससुर पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, चरवा पुलिस ने तहरीर मिलने से इनकार किया है। थाना प्रभारी महेश सिंह ने बताया कि अभी तक किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।