करंट लगने से विवाहिता की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : संवाद।
अजुहा कस्बे के एक परिवार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई एक विवाहिता संदिग्ध हालात में करंट की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद समारोह में मातम पसर गया। मामले में विवाहिता के पति ने साजिश की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को सूचना दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के प्रयागदासपुर गांव निवासी सुमन देवी (22) पत्नी रविशंकर अजुहा कस्बे में अपनी बुआ ज्ञानमती के घर वार्ड नंबर चार मढ़िया मई रसूलपुर में शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। बृहस्पतिवार रात घर में बारात आने के बाद मांगलिक कार्यक्रम चल रहे थे। बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े नौ बजे महाराष्ट्र के जलगांव में रहकर मजदूरी कर रहे पति रविशंकर का फोन सुमन के पास आया।
वह मोबाइल पर बात करते हुए दरवाजे के पास पहुंचीं, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गईं। इस हादसे के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन गंभीर हालत में सुमन को जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में चीखपुकार मचा है। उधर, विवाहिता के पति रविशंकर ने घटना को संदिग्ध बताते हुए साजिश की आशंका जताई है। सीओ सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो वर्षीय मासूम बेटे के सिर से उठा मां का साया
हादसे में महिला की मौत के बाद शादी समारोह में अफरा तफरी मच गई। परिजनों ने बताया कि विवाहिता का एक दो वर्षीय बेटा शिवा ही मां के साथ शादी समारोह में आया था। हादसे के बाद उसके सिर से मां का साया उठ गया है। रिश्तेदारों ने बताया कि हादसे के समय शिवा सो रहा था।