दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को घर से निकाला
- पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
मंझनपुर। सरायअकिल कोतवाली के चंदूपुर अमरायन गांव में युवती को ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग पूरी नहीं होने से नाराज थे। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुरखास गांव की संगीता देवी ने बताया कि उसकी शादी दो साल पहले चंदुपुर अमरायन गांव में अरविंद कुमार से हुई थी। शादी में मिले दहेज से ससुराल के लोग संतुष्ट नहीं थे। अतिरिक्त दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग तीन लाख नकदी और कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे मारपीट कर निकाल दिया गया। बिरादरी की पंचायत के बाद भी ससुराल पक्ष के लोग उसे अपनाने के लिए राजी नहीं हुए। शिकायत पर पुलिस ने पति अरविंद, ससुर रमेश चंद्र, सास व ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।