कोतवाली के अड़हरा गांव की विवाहिता की दिल्ली में संदिग्ध दशा में मौत हो गई। परिजन शव लेकर गांव आए। कोखराज पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अड़हरा निवासी जय सिंह अपनी पत्नी कुषमा (22) को लेकर माहभर पहले दिल्ली गए थे। आजादपुर गुड़ मंडी में वह किराये का कमरा लेकर रहते थे। वहीं, पर काम भी करते थे। फतेहपुर के सुल्तानपुर घोस अंतर्गत आशीषपुर निवासी विवाहिता के पिता बिंदा प्रसाद ने बताया कि सोमवार सुबह जयसिंह ने फोन कर बताया कि बीमारी के चलते कुषमा की मौत हो गई है।
इस पर पिता अपने बेटों के साथ दिल्ली पहुंचे। शव लेकर आए और कोखराज पुलिस को सूचना देते हुए बेटी के साथ अनहोनी घटना की आशंका जाहिर की। अतिरिक्त निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।