शादी समारोह में शामिल होने आई एक विवाहिता की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मामले में विवाहिता के पति ने साजिश की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को सूचना दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने बताया कि फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के प्रयागदासपुर गांव निवासी सुमन देवी (22) पत्नी रविशंकर अजुहा कस्बे में अपनी बुआ ज्ञानमती के घर वार्ड नंबर चार मढ़िया मई रसूलपुर में शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। बृहस्पतिवार रात घर में बरात आने के बाद मांगलिक कार्यक्रम चल रहा था।
रात करीब 9:30 बजे महाराष्ट्र के जलगांव में रहकर मजदूरी कर रहे पति रविशंकर का फोन सुमन के पास आया। वह मोबाइल पर बात करते हुए दरवाजे के पास पहुंचीं, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गईं। परिजन गंभीर हालत में सुमन को जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं, विवाहिता के पति रविशंकर ने घटना को संदिग्ध बताते हुए साजिश की आशंका जताई है। सीओ सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो वर्षीय मासूम बेटे के सिर से उठा मां का साया
परिजनों ने बताया कि विवाहिता का एक दो वर्षीय बेटा शिवा भी मां के साथ शादी समारोह में आया था। हादसे से उसके सिर से मां का साया उठ गया है। रिश्तेदारों ने बताया कि हादसे के समय शिवा सो रहा था।
मृतक सुमन देवी की फाइल फोटो