मंझनपुर के नारा गांव में रविवार शाम एक विवाहिता की मौत हो गई। फंदे से कसा उसका शव चारपाई पर पड़ा था। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर शव कब्जे में लिया। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि विवाहिता की हत्या की गई या फिर उसने खुदकुशी की है। पुलिस ने शक के आधार पर महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
नारा गांव निवासी गुड्डू मुंबई में रहकर सिलाई का काम करता है। घर पर उसकी पत्नी गुलनाज बानो (25) दो बच्चों के साथ रहती थी। गुड्डू के मुताबिक पखवाड़ा भर पहले ही वह मुंबई से घर आया है। रविवार को वह पइंसा के जगन्नाथपुर गांव में रहने वाले रिश्तेदार की मिट्टी में शामिल होने चला गया था।
गुड्डू के मुताबिक शाम को घर लौटने पर उसने देखा कि पत्नी गुलनाज कमरे में दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे से लटक रही थी। फंदे से उतारकर गुलनाज को इलाज के लिए अस्पताल ले जाता कि इससे पहले ही उसकी सांसें थम चुकी थीं। शोरगुल सुन जुटे पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर शव कब्जे में लिया। पुलिस ने शक के आधार पर गुलनाज के पति को हिरासत में लिया है।
इंस्पेक्टर संतोष शर्मा ने बताया कि गुलनाज के पति गुड्डू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतका के मायके वालों को भी बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मायके वालों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।