बेटी पैदा होने पर विवाहिता को पीटा, घर से निकाला
सात साल पहले हुई थी महिला की शादी, थाने पर शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर एक तरफ केंद्र और प्रदेश सरकार जागरुकता कार्यक्रम चला रही है। वहीं एक विवाहिता को महज बेटी पैदा होने पर ससुराल वालों ने पिटाई कर घर से निकाल दिया। विवाहिता एकलौती बच्ची के साथ इधर-उधर भटक रही है। मंगलवार को महिला ने पुलिस से शिकायत की है।
पिपरी कोतवाली के मकनपुर गांव निवासी बच्चा सोनकर की पत्नी शांति देवी ने मंगलवार की शाम पुलिस को दिए शिकायती पत्र में अफसरों को भी चकरा दिया। शांति का कहना है कि उसकी शादी सात साल पहले हुई है। शादी के बाद से ही ससुराल वाले बेटे की चाहत में इस कदर पागल थे कि उस पर जुल्म करने से नहीं चूकते थे। आए दिन उसकी पिटाई की जाती थी। पिछले दिनों शांति ने बेटी को जन्म दिया तो ससुराल वालों का पारा चढ़ गया। आरोप है कि बेटी पैदा होने के बाद से पति व ससुराल के अन्य लोग उसे ताना देने लगे। किसी न किसी बात को लेकर पिटाई की जाती थी। मंगलवार को उसे पीटकर घर से निकाल दिया गया। शिकायत को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। चौकी प्रभारी मकदूमपुर अशोक सिंह का कहना है शाम को तहरीर मिली है। शिकायत गंभीर है, बुधवार को जांच कर कार्रवाई की जाएगी।