मंझनपुर (ब्यूरो)। आम तोड़ने को लेकर हुई कहासुनी के दौरान खारा गांव की विवाहिता को पड़ोसी युवकों ने पीटकर लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार पर गांव के लोगों ने आकर बीच बचाव किया। ग्रामीणों के आने पर हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के खारा गांव की माया देवी पत्नी शंभूलाल ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर उसके बच्चे पड़ोसी की बाग में गिरा आम का फल बीनकर उठा ले आए थे। बच्चों पर बाग से आम तोड़ने का आरोप लगाते हुए पड़ोसी उसके घर आया और भिड़ गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान पड़ोसी और उसके साथ रहे व्यक्ति ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान उसके सिर में कुल्हाड़ी से वार भी किया गया। इससे वह लहूलुहान हो गई। विवाहिता की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े।
ग्रामीणों के आने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। उधर, गांववालों ने विवाहिता को खून से लथपथ पड़े देखा, तो उनके होश उड़ गए। लोगों ने जख्मी युवती को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। मरहम-पट्टी और इलाज कराने के बाद विवाहिता कोखराज कोतवाली पहुंची और घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोखराज पुलिस ने गांव के रहने वाले रवि कुमार और झगडू के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके घटना की तफ्तीश और हमलावरों की तलाश की जा रही है। वहीं मारपीट को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनातनी बनी हुई है।