कस्बे के ओसा रोड स्थित एक निजी टेली मार्केटिंग कंपनी में सेल्समैन का काम करने वाली किशोरी बृहस्पतिवार को संदिग्ध हालात में लापता हो गई। वह संस्थान बंद होने से एक घंटे पहले ही अवकाश लेकर घर निकली थी। खोजबीन में परेशान किशोरी की मां ने अनहोनी की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
सदर कोतवाली के चक थांबा गांव की माया देवी पत्नी राजाराम सोनकर ने बताया कि उसकी बेटी रोशनी (17) मंझनपुर कस्बे के ओसा रोड स्थित मंडी समिति के पास आईटी कॉरियर लोकेशन सेंटर में काम करती है। यह कंपनी हेल्थ, ब्यूटी, एग्रीकल्चर आदि के उत्पाद का प्रमोशन व बिक्री करती है।
रोशनी यहां बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे घर से ऑटो पर बैठकर पहुंची थी। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल सका। माया देवी के मुताबिक सेंटर वालों ने बताया कि रोशनी बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे ही घर जाने को कहकर निकल गई थी। इसके बाद से उसके बाद के बारे में उन्हें कुछ जानकारी नहीं है। रोशनी का मोबाइल भी बंद आ रहा है।
काफी खोजबीन के बाद भी रोशनी का पता नहीं चलने पर शनिवार को पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी है। इंस्पेक्टर संतोष शर्मा का कहना है मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।