धनतेरस के लिए बाजार सज गए हैं। सराफा, इलेक्ट्रानिक उपकरण, बर्तन आदि की दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, ताकि ग्राहक खींचे चले आए हैं। शुक्रवार को बाजार में रुपयों की बारिश होगी। करोड़ों का कारोबार होगा। बाइक व कार की एजेंसियों से वाहनों का नया बेड़ा भी सड़कों पर उतरेगा। इसके लिए लोगों ने पहले से बुकिंग करा रखी है।
धनतेरस के लिए मंझनपुर, भरवारी, सिराथू, सरायअकिल, अझुवा, चायल, मनौरी, मूरतगंज आदि प्रमुख बाजारों के दुकानदारों ने विशेष तैयारियां कर रखी है। यह ऐसा पर्व हैं, जिसमें हिंदू-मुस्लिम सभी वर्ग के लोग बढ़-चढ़कर खरीदारी करते हैं। खरीदारी के लिए लोगों ने पहले से तैयारी कर रखी है कि उन्हें मार्केट में क्या खरीदना है। सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल बढ़ जाएगी। जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, बाजार में रुपये की बारिश भी बढ़ती जाएगी।
इलेक्ट्रानिक उपकरण, बर्तन, सराफा कारोबारियों ने अपनी-अपनी दुकानों को सजा रखा है। भीड़ बढ़ने पर ग्राहकों को दिक्कत न हो इसके लिए बर्तन व इलेक्ट्रानिक उपकरण बेचने वाले दुकानदारों ने अलग से काउंटर बना रखे हैं। वहीं सराफा कारोबारियों ने अबकी नए-नए डिजाइन के आभूषण लेकर आएं हैं। इस पर्व पर लोग चांदी और सोने के सिक्कों की खरीदारी करते हैं। इस पर लोगों का फोकस ज्यादा रहता है। व्यापारी मंडल के अध्यक्ष रमेश अग्रहरि ने बताया कि पिछले साल 22 करोड़ का कारोबार धनतेरस पर्व पर हुआ था। अबकी इसमें दो गुना का इजाफा होने की उम्मीद है। सबसे ज्यादा सराफा व इलेक्ट्रानिक उपकरण बेचने वाले कारोबारियों को इस पर्व में फायदा होता है।
एजेंसियों में बाइक की धूम
बाइक की एजेंसियों में नए मॉडल की बाइकों की अबकी भरमार है। एजेंसी मालिक हर प्रकार के मॉडल ग्राहकों के लिए लेकर आए हैं। युवाओं की पहली पसंद बाइक है। इसके बाद भी स्कूटी ने अपना क्रेज बरकरार रखा है। सौ से ज्यादा स्कूटी की बुकिंग हुई है।