फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डॉक्टरों की लापरवाही से अस्पताल बने बीमार

Sat, 12 Aug 2017 01:38 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो कौशाम्बी
विज्ञापन
मंझनपुर न्यू पीएचसी में जमीन पर पड़ी गर्भवती महिलाएं। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
अस्पतालों में ताला लगाकर डॉक्टर व उनका स्टाफ गायब हो जाता है। ऐसे में मरीजों को भगवान ही बचाए। आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक अस्पताल के चिकित्सक कब आते हैं और कब नहीं, इसकी जानकारी वहां के चतुर्थ श्रेणी कर्मी को भी नहीं है। जिला अस्पताल में बने एमसीएच सेंटर का और बुरा हाल है। करोड़ों की लागत से बनकर तैयार इस भवन में प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को बेड नहीं दिया जाता बल्कि उन्हें जमीन पर लिटाया जाता है। शुक्रवार को अमर उजाला ने करीब दस बजे स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल की तो हकीकत चौंकाने वाली रही।
विज्ञापन



जिला अस्पताल परिसर में 14 करोड़ की लागत से एमसीएच सेंटर बनकर तैयार हो गया है। इस भवन में फिलहाल प्रसव शुरू करा दिया गया है। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे एचसीएच सेंटर में आठ महिलाएं प्रसव के लिए जमीन पर लेटी हुई मिलीं। पूछने पर महिलाओं ने बताया कि उनके साथ आए परिजनों ने कई बार स्टाफ नर्स से कहा कि उनको बेड दिलाया जाए लेकिन स्टाफ नर्स का कहना है कि प्रसव के बाद ही उनको बेड दिया जाएगा।

ऐसा नहीं है कि बेड खाली नहीं थे लेकिन स्टाफ नर्स की मनमानी के कारण उन्हें जमीन पर ही लेटना पड़ा। इससे तीमारदारों में गुस्सा था। जिला मुख्यालय में पाता रोड पर आयुर्वेदिक एवं यूनानी अस्पताल स्थित है। शुक्रवार को करीब 11 बजे यहां ताला लटका था। आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. संतोष पांडेय के कार्यालय में ताल लगा था। दवा वितरण कक्ष में ताला लगा हुआ था। साफ-सफाई में जुटे सफाई कर्मचारी ने बताया कि उसे नहीं मालूम कब डॉक्टर साहब आएंगे। अस्पताल के अन्य कर्मचारियों के बारे में उसने किसी तरह की जानकारी होने से इंकार कर दिया। इसी अस्पताल के सामने जिला होम्योपैथिक अस्पताल है।
विज्ञापन


करीब 11:35 बजे यहां के भी डॉक्टर गायब मिले। उनके कार्यालय में ताला लगा था। बाकी के कर्मचारी भी गायब थे। देवरा के रामसजीवन दवा लेने आए थे लेकिन दूर से ही अस्पताल का नजारा देखकर वह वापस लौट रहे थे। पूछने पर बताया कि अंग्रेजी दवा खाने में उन्हें दिक्कत होती है। इसलिए यहां आए थे, अस्पताल ही बंद है तो क्या करें? अब वह निजी होम्योपैथिक अस्पताल जा रहे हैं दवा लेने। जिला मुख्यालय में स्वास्थ्य सेवाओं का यह हाल है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि ग्रामीण इलाकों की क्या स्थिति होगी। बेखौफ होकर अस्पताल के कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं और अधिकारी तमाशा देख रहे हैं।
 
ओडीएफ अभियान में लगाई गई डॉक्टर की ड्यूटी
आयुर्वेदिक एवं यूनानी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार पांडेय की ड्यूटी ओडीएफ अभियान में लगाई गई है। इसका फायदा उठाकर वह गायब रहते हैं। शुक्रवार को अस्पताल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने बताया कि साहब की ड्यूटी ओडीएफ अभियान में लगी है, इसलिए नहीं आ रहे हैं। बाकी के कर्मचारी क्यों नहीं आ रहे हैं, इस पर वह चुप्पी साध गया। डॉक्टर न तो अस्पताल में बैठ रहे हैं, न ही ओडीएफ अभियान को ही परवान चढ़ा पा रहे हैं। इसके बावजूद इनके खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें