राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशाम्बी में अंडर-14 जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता हुई। जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। खिताबी मैच में स्टेडियम-ए ने एसएवी इंटर कॉलेज को 5-0 से शिकस्त दी।
पहले मुकाबले में एसएवी इंटर कॉलेज ने स्टेडियम-बी को 5-0 से हराया। टीम की ओर से संजय, आर्यन, उमंग और आर्यन सिंह ने गोल किए। दूसरे मुकाबले में खेलो इंडिया ने भगत सिंह स्टेडियम-ए को 2-1 से शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में एसएवी इंटर कॉलेज ने भगत सिंह स्टेडियम-बी को 5-1 से हराकर बढ़त बनाई।
सेमीफाइनल में एसएवी इंटर कॉलेज ने स्टेडियम-बी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में स्टेडियम-ए ने खेलो इंडिया को 5-0 से हराया।
फाइनल मुकाबले में भगत सिंह स्टेडियम-ए टीम ने एसएवी इंटर कॉलेज की टीम को 5-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मंतेश और संदीप ने दो-दो और कुलदीप ने एक गोल किया।
इसके पहले शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने किया। इस दौरान कोमल मौर्या ने मुख्य अतिथि को बैज लगाकर स्वागत किया। वहीं, हॉकी एसोसिएशन कौशाम्बी के सचिव आशीष द्विवेदी का जिला उप क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने बैज लगाकर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार दिया। निर्णायक की भूमिका मनोज कुमार, अरविंद कुमार, जितेंद्र पाल, कौशिक पाल, रमन बहादुर सिंह, अरविंद मौर्या, आलोक और मनोज ने निभाई। अंत में उप क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने सभी का आभार जताया।
मुख्य अतिथि कल्पना सोनकर विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत करती हुईं। स्रोत: विभा