मंझनपुर (ब्यूरो)। पश्चिमशरीरा के शिवरतन का पुरवा गांव की विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें सास, ससुर, जेठ-जेठानी समेत पांच लोगों को नामजद किया गया है। मृतका के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
बता दें कि पश्चिमशरीरा थाने के पूरबशरीरा गांव की मंजुला देवी पुत्री प्रेमचंद्र सोनकर की शादी पांच साल पहले पड़ोसी गांव शिवरतन का पुरवा के शिवनाथ से हुई थी। शिवनाथ खाड़ी देश दुबई में किसी प्राइवेट फर्म में नौकरी करता है। मंजुला गांव में ही सास-ससुर और अन्य परिजनों के साथ रहती थी। 9 जून की रात संदिग्धदशा में घर के भीतर जलने से उसकी मौत हो गई थी। बेटी की जलने से हुई मौत की खबर लगते ही मौके पर पहुंचे मायकेवाले ससुरालवालों पर दहेज के लिए जलाकर मार डालने का आरोप लगाने लगे थे। पिता शिवनाथ का कहना है कि शादी के बाद से ही पूरा परिवार दहेज के लिए उसे परेशान करता रहता था। पति के विदेश जाने के बाद से तो ससुराल के लोगों ने उसका जीना दुश्वार कर रखा था।
आए दिन दहेज की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित किया जाने लगा था। विवाहिता के पिता ने इसकी तहरीर पश्चिमशरीरा पुलिस को दी थी। तब पुलिस ने जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की बात कही थी। वहीं कई दिनों तक एफआईआर नहीं लिखे जाने पर भुक्तभोगी ने एसपी से घटना की शिकायत की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार को मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पश्चिमशरीरा ने जेठ-जेठानी, सास, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसओ भास्कर मिश्र ने बताया कि घटना की तफ्तीश की जा रही है। उधर, एफआईआर दर्ज होने की भनक लगते ही सभी नामजद अभियुक्त घर से फरार हो गए। पुलिस का दावा है कि अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश भी दी गई, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा।