पइंसा इलाके के एक परिवार ने मंगनी के बाद युवती के साथ शादी से इंकार कर दिया। दो लाख रुपए नगदी नहीं देने पर युवक के परिजनों ने बारात लाने से मना कर दिया। साल भर पहले युवती की शादी पड़ोसी गांव में तय हुई थी। बिरादरी की पंचायत में युवती के पिता ने मंगनी में दी गई रकम वापस करने को कहा तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोहब्बतपुर पइंसा के एक गांव की युवती की शादी साल भर पड़ोसी गांव में तय हुई थी। दो परिवारों के बीच धूमधाम से मंगनी की रस्म अदा की गई। मई महीने में युवती की बारात आनी थी। युवती के घर वाले शादी की तैयारी में जुटे थे। सप्ताह भर पहले युवक के परिजनों ने युवती के घर पहुंच दो लाख रुपए अतिरिक्त देने की मांग की।
इस पर पिता ने असमर्थता जताई। दोनों परिवारों के बीच बिरादरी की पंचायत भी हुई पर युवक के घर वाले बारात लाने के लिए तैयार नहीं हुए। उधर, बेटी का रिश्ता टूटता देख घर वाले सन्न रह गए। बृहस्पतिवार को थाने पहुंच भुक्तभोगी पिता ने मामले की नामजद शिकायत पुलिस से की। पीड़ित पिता की तहरीर पर चार लोगाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।